news-details

समाधान दिवस में शिकायतों का अंबार

You can share this post!

 

 

श्रवण कुमार मद्धेशिया 

 पारदर्शी विकास ब्यूरो हाटा, कुशीनगर। स्थानीय तहसील सभागार में सोमवार को उपजिलाधिकारी योगेश्वर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याओं का अंबार देखने को मिला। विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 26 शिकायतें अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत की गईं, लेकिन मौके पर केवल दो शिकायतों का ही निस्तारण हो सका। शेष 24 मामलों को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। विभाग को कुल 12 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से सिर्फ एक मामले का मौके पर निस्तारण हो सका, जबकि 11 शिकायतें लंबित रहीं। अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद, पैमाइश, नामांतरण और अवैध कब्जे से जुड़ी थीं।पुलिस विभाग से संबंधित 10 शिकायतें दर्ज की गईं, लेकिन इनमें से किसी भी मामले का मौके पर समाधान नहीं हो सका। सभी शिकायतों को जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया, जिससे फरियादियों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा।इसके अतिरिक्त अन्य विभागों से चार शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से एक का निस्तारण किया गया, जबकि तीन मामलों में जांच के निर्देश दिए गए। इस बार संयुक्त राजस्व एवं पुलिस, विकास विभाग तथा समाज कल्याण विभाग से संबंधित कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई।सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान उपजिलाधिकारी योगेश्वर सिंह ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा मौके पर जांच कर पात्र मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें।समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और फरियादियों की समस्याएं सुनकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।