
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर के वसंत विहार स्थित महादेवा मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में रविवार को वरदान फाउंडेशन और महादेवा मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) एवं यातायात जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में घायलों की प्राथमिक सहायता, सीपीआर तकनीक तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था।कार्यशाला के मुख्य वक्ता वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. एस.एन. पाण्डेय ने सीपीआर के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना या हार्ट अटैक के बाद शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। यदि आम नागरिकों को सीपीआर का सही प्रशिक्षण हो तो कई लोगों की जान बचाई जा सकती है।

उन्होंने उपस्थित लोगों को सीपीआर की सही तकनीक का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया और प्राथमिक उपचार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।वरदान फाउंडेशन के महासचिव कृष्णा शर्मा ने सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, यातायात संकेतों का पालन करने तथा सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूकता और जिम्मेदार व्यवहार से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।कार्यक्रम के संयोजक डॉ. अभिषेक दीक्षित और सह संयोजक पीयूष मिश्रा ने कार्यशाला का संचालन किया, जबकि अस्पताल की ओर से मनोज कुमार अवस्थी ने आयोजन की जिम्मेदारी निभाई। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी, चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. एस.एन. पाण्डेय को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया तथा कार्यशाला में सक्रिय प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। सभी ने सड़क सुरक्षा और जीवन रक्षा के प्रति जागरूक रहने की शपथ ली।
