
पारदर्शी विकास न्यूज़ बांदा। उत्तर प्रदेश संयुक्त कृषि एवं प्रौद्योगिकी प्रवेश परीक्षा 2026 का आयोजन बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, बांदा के द्वारा सकुशल सम्पन्न किया गया। आज यूपीकैटेट-2026 का परिणाम लखनऊ में आयोजित बैठक के दौरान कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की गरिमामयी उपस्थिति में घोषित किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो एस0वी0एस0 राजू ऑनलाइन माध्यम से वेबसाइट पर परिणाम अपलोड किया। परीक्षा का आयोजन प्रमुख सचिव कृषि रवीन्द्र की अध्यक्षता में किया गया था। बैठक में उन्होंने बताया कि प्रदेश के कुल 12 जनपदों में 17 एवं 18 जून को परीक्षा सम्पन्न हुई। दिनांक 17 जून को स्नातक पाठयक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षा कुल 27 केन्द्रों पर तथा दिनांक 18 जून को पीजी, पीएचडी एवं एमबीए को प्रवेश परीक्षा कुल 18 केन्द्रों पर आयोजित को गयी। कुलसचिव प्रो एस के सिंह ने बताया कि प्रवेश परीक्षा में कुल 18827 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। जिसमें 90 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित रहे। इस प्रवेश परीक्षा में 16349 उपस्थित अभ्यर्थियों में से 14802 अभ्यर्थी क्वालीफाई किये जिसमें 73 प्रतिशत पुरूष अभ्यर्थी एवं 27 प्रतिशत महिला अभ्यर्थी हैं। बैठक में प्रदेश के चारों विश्वविद्यालयों के कुलपति एवं कुलसचिव भी उपस्थित रहे। स्नातक स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली अभ्यर्थी कीरथ समंद रही जो कांकरखेरा, मेरठ की निवासी हैं। द्वितीय स्थान पर सुश्री प्राची द्विवेदी, कन्नौज एवं तृतीय स्थान पर मोहम्मद कैफ, रामपुर रहे। परास्नातक स्तर पर शिवम यादव, बलिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर आस्था यादव, उन्नाव रहीं।पीएचडी स्तर पर अमन सिंह, मऊ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर अभिषक गौतम, मथुरा रहे। विश्वविद्यालय के कुलसचिव ने यह भी बताया कि यूपीकैटेट-2026 के अन्तर्गत एम0बी0ए0 का ग्रुप डिस्कसन होने के उपरान्त परीक्षा परिणाम जल्द ही जारी कर दिया जायेगा।