
पारदर्शी विकास न्यूज़ बांदा। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने रविवार को बांदा विधानसभा क्षेत्र में लगभग 1.48 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नौ विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें संपर्क मार्ग, सीसी रोड और नाली निर्माण कार्य शामिल हैं।ग्राम पंचायत पल्हरी में 88.68 लाख रुपये की लागत से बने पंचायत भवन से चौधरी के पुरवा तक संपर्क मार्ग का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा गांव के विभिन्न मोहल्लों में करीब 33 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीसी रोड और नालियों को भी जनता को समर्पित किया गया।वहीं शहर के वार्ड नंबर-19 धीरज नगर तथा ग्राम पंचायत लडकापुरवा के गंगा नगर मोहल्ले में लगभग 26.40 लाख रुपये की लागत से बनी तीन सीसी रोड एवं नाली निर्माण परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया। इन कार्यों से स्थानीय लोगों को जलभराव और खराब सड़कों की समस्या से राहत मिलेगी।इस अवसर पर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश सरकार मूलभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दे रही है और क्षेत्र का कोई भी हिस्सा विकास से वंचित नहीं रहेगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।