
इसमें 37 करोड़ वोटर्स कवर होंगे
PARDARSHI VIKASH NEWS नयी दिल्ली। चुनाव आयोग ने गुरुवार को स्पेशल इंटेसिव रिवीजन के तीसरे फेज की घोषणा की है। इस फेज के तहत 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में 36.73 करोड़ वोटरों का वेरिफिकेशन किया जाएगा।16 राज्यों में हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, ओडिशा, पंजाब, सिक्किम, त्रिपुरा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश और उत्तराखंड शामिल हैं। केंद्र शासित प्रदेशों में दिल्ली (एनसीटी), चंडीगढ़, दादरा और नगर हवेली एवं दमन-दीव शामिल हैं। एसआईआर के तीसरे फेज के बाद हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को छोड़कर पूरे देश में एसआईआर प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इन तीनों राज्यों में मौसम और जनगणना के दूसरे चरण को देखते हुए एसआईआर के शेड्यूल की घोषणा बाद में की जाएगी।
चुनाव आयोग ने बताया कि तीसरे फेज की एसआईआर प्रक्रिया में 3.94 लाख बूथ लेवल अधिकारी तैनात होंगे। बीएलओ की मदद के लिए राजनीतिक पार्टियों की तरफ नियुक्त 3.42 लाख बूथ लेवल एजेंट भी शामिल रहेंगे। दिल्ली में एसआईआर के बाद फाइनल वोटर लिस्ट 7 अक्टूबर को जारी की जाएगी। चुनाव आयोग ने कहा कि हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बर्फबारी और मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए एसआईआर की तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी।आयोग ने बताया कि एसआईआर के पहले दो फेज में 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में करीब 59 करोड़ मतदाताओं को कवर किया गया था। इस दौरान 6.3 लाख बीएलओ और 9.2 लाख बीएलए प्रक्रिया में शामिल हुए।