
PARDARSHI VIKAH NEWS नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के आईटीओ स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) की इमारत में सोमवार सुबह आग लग गई। आग भवन की दूसरी मंजिल पर लगी, जहां शिक्षा मंत्रालय के कुछ कार्यालय भी संचालित होते हैं। घटना के बाद परिसर में मौजूद छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार सुबह करीब 9:37 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई, जिसके बाद दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। फायर ब्रिगेड की टीम ने स्काई लिफ्ट की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एयर कंडीशनर (AC) यूनिट में तकनीकी खराबी और स्पार्किंग के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद विस्तृत जांच की जाएगी।घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं, इस मामले पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। कांग्रेस नेताओं ने घटना को चिंताजनक बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की है।गौरतलब है कि स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर देश के प्रमुख वास्तुकला एवं शहरी नियोजन संस्थानों में शामिल है। इसकी स्थापना वर्ष 1941 में हुई थी और वर्ष 2008 में इसे राष्ट्रीय महत्व का संस्थान घोषित किया गया था।