
PARDARSHI VIKASH NEWS समाजवादी पार्टी ने पीडीए आरक्षण घोटाले को लेकर भाजपा सरकार पर बड़ा राजनीतिक हमला बोला। पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य बबलू ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान प्रदत्त आरक्षण व्यवस्था को कमजोर कर रही है और पिछड़े, दलित व वंचित वर्ग के युवाओं को उनका अधिकार नहीं मिल पा रहा है।उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने सामाजिक बराबरी के लिए आरक्षण व्यवस्था लागू कराई थी, लेकिन वर्तमान सरकार धीरे-धीरे इस व्यवस्था को कमजोर करने का काम कर रही है। उनका आरोप था कि सरकारी नौकरियों में आरक्षित वर्ग के पदों को सही तरीके से नहीं भरा जा रहा, जिससे पीडीए समाज के युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।प्रेसवार्ता के दौरान सपा नेताओं ने वर्ष 2019 से 2026 तक की 22 भर्ती प्रक्रियाओं की सूची जारी करते हुए दावा किया कि इनमें 11 हजार 514 से अधिक आरक्षित पद प्रभावित हुए हैं। सपा के अनुसार 69 हजार शिक्षक भर्ती में सबसे ज्यादा 7933 पदों पर गड़बड़ी हुई। इसके अलावा एईडेड जूनियर हाईस्कूल भर्ती, ग्राम पंचायत अधिकारी, कनिष्ठ सहायक, लेखपाल, कृषि प्राविधिक सहायक समेत कई भर्तियों में भी आरक्षण प्रभावित होने का दावा किया गया।सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी आरक्षित वर्ग के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी।प्रेसवार्ता में महासचिव वीरू भदोरिया, वरिष्ठ नेता लाखन सिंह जाटव, पूर्व प्रत्याशी सर्वेश शाक्य, उपाध्यक्ष उत्तम सिंह प्रजापति, प्रवक्ता विक्की गुप्ता सहित कई सपा नेता मौजूद रहे।