
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा। गोवर्धन रोड स्थित एक मैरिज गार्डन में आयोजित सगाई समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब एक युवक ने अपने ही चचेरे भाई की लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी। घटना शनिवार शाम करीब 6 बजे की है। मृतक की पहचान नौहझील थाना क्षेत्र के पारसोली गांव निवासी 28 वर्षीय गजेंद्र चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी पवन चौधरी को मौके से गिरफ्तार कर उसकी लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली है।पुलिस के अनुसार, गजेंद्र चौधरी गांव के प्रधान सुभाष चौधरी की भतीजी रिंकी की सगाई में शामिल होने पहुंचे थे। समारोह शुरू होने से पहले किसी बात को लेकर पवन चौधरी और गजेंद्र के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पवन ने करीब 10 फीट की दूरी से लाइसेंसी पिस्टल से ताबड़तोड़ पांच गोलियां चला दीं। सभी गोलियां गजेंद्र के सिर और कनपटी में लगीं, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। वारदात के बाद सगाई समारोह बीच में ही रोकना पड़ा।जांच में सामने आया है कि आरोपी पवन की 12 वर्ष पहले प्रेम विवाह हुआ था। उसे अपनी पत्नी और गजेंद्र के बीच कथित संबंध होने का शक था। पुलिस इसी शक को हत्या की प्राथमिक वजह मानकर जांच कर रही है। हालांकि अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।मृतक गजेंद्र ठेकेदारी का कार्य करता था। उसके पिता का तीन वर्ष पहले बीमारी से निधन हो चुका था। परिवार में बड़ा भाई सेना में है, जबकि छोटा भाई पहलवानी करता है। परिजनों ने बताया कि दिसंबर 2025 में भी गजेंद्र पर जानलेवा हमला हुआ था, जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे।आरोपी पवन चौधरी के पिता प्रताप चौधरी वर्ष 2002 में मांट विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं और दूसरे स्थान पर रहे थे।रिफाइनरी क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रवीण तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपनी पत्नी और गजेंद्र के बीच अवैध संबंध होने के शक की बात स्वीकार की है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।