
Pardarshi Vikas News Banda
बिजली विभाग और निजी मीटर कंपनियों की कथित मनमानी के खिलाफ जनता दल यूनाइटेड महिला विंग ने कलेक्ट्रेट में जोरदार प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष पिंकी प्रजापति के नेतृत्व में करीब आधा दर्जन महिलाओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रीपेड स्मार्ट मीटरों की अनियमितताओं पर रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आरोप लगाया कि निजी कंपनियों के कर्मचारी उपभोक्ताओं पर एफआईआर और जुर्माने का भय दिखाकर जबरन स्मार्ट मीटर लगा रहे हैं, जो विद्युत अधिनियम का उल्लंघन है। उन्होंने इसे “डिजिटल डकैती” बताया। महिलाओं का कहना था कि स्मार्ट मीटर का सॉफ्टवेयर खराब है, रिचार्ज के कुछ ही घंटों में बैलेंस माइनस में चला जाता है और बिना सूचना के बिजली कट जाती है, जिससे गर्मी में बच्चों, बुजुर्गों और छात्रों को परेशानी हो रही है। ज्ञापन में मांग की गई कि मीटर लगाने की प्रक्रिया की जांच हो, निजी एजेंसी का टेंडर निरस्त किया जाए और उपभोक्ताओं को पुराने मीटर पर लौटने का विकल्प दिया जाए। साथ ही 24 घंटे में तकनीकी समस्याओं के समाधान की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।