
पारदर्शी विकास न्यूज़ इटावा
महेवा विकास खंड की ग्राम पंचायत नगला शुक्ल में बुधवार को राशन डीलर का चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। एडीओ पंचायत के पर्यवेक्षण में मिनी सचिवालय बल्लमपुरा में हुए इस चुनाव में शिवानी कुमारी ने 135 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।ग्राम पंचायत में दो साल पहले राशन डीलर धर्मेंद्र कुमार के निलंबन के बाद से ग्रामीणों को राशन लेने के लिए उझियानी जाना पड़ रहा था। इसके बाद जिलाधिकारी इटावा द्वारा इस पद पर चुनाव कराने का निर्णय लिया गया।चुनाव में दो प्रत्याशी मैदान में थे, जिनमें शिवानी कुमारी और दुर्गेश कुमारी शामिल थीं। मतदान और मतगणना के बाद शिवानी कुमारी को 260 वोट मिले, जबकि दुर्गेश कुमारी को 125 वोट प्राप्त हुए। इस तरह शिवानी कुमारी को विजयी घोषित किया गया।मतगणना प्रक्रिया अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी की गई और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मतदान स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका।