
PARDARSHI VIKASH NEWS कश्मीर के Pahalgam में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले में पाकिस्तान की भूमिका सामने आई है। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की चार्जशीट के अनुसार इस हमले का मास्टरमाइंड लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी सैफुल्लाह उर्फ साजिद जट्ट उर्फ लंगड़ा था, जो पाकिस्तान के लाहौर के कसूर इलाके में रहता है। जांच में खुलासा हुआ कि साजिद ही आतंकियों का मुख्य हैंडलर था और हमले के दौरान वह लगातार तीनों आतंकियों के संपर्क में रहकर उन्हें रियल टाइम निर्देश दे रहा था। उसने ही बैसरन घाटी की लोकेशन भेजी थी, जहां आतंकियों ने पर्यटकों को धार्मिक पहचान के आधार पर निशाना बनाया। इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी जबकि 16 घायल हुए थे। NIA के मुताबिक गिरफ्तार टूरिस्ट गाइड परवेज अहमद और बशीर अहमद ने समय रहते सुरक्षा एजेंसियों को जानकारी नहीं दी, जिससे हमला टाला नहीं जा सका। जांच एजेंसी ने साजिद को कई अन्य आतंकी घटनाओं, जेड मोड़ टनल हमले और टीआरएफ नेटवर्क से भी जोड़ा है। वहीं पहलगाम हमले में शामिल तीनों पाकिस्तानी आतंकियों को सुरक्षा बलों ने जुलाई 2025 में ऑपरेशन महादेव के दौरान मार गिराया था।