
पारदर्शी विकास न्यूज़ बांदा
जसपुरा थाना क्षेत्र में पिता की डांट से नाराज होकर घर छोड़कर गए 14 वर्षीय किशोर को पुलिस ने सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। किशोर के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया।ग्राम सिकहुला निवासी बलवीर सिंह ने पुलिस को बताया था कि डांट पड़ने से नाराज उनका बेटा बिना बताए घर से चला गया है। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल सका था।प्रभारी निरीक्षक ऋषिदेव सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात गांव और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की। पूछताछ और खोजबीन के दौरान किशोर को गांव के पास जंगल से सुरक्षित बरामद कर लिया गया।पूछताछ में किशोर ने बताया कि पिता की डांट से नाराज होकर वह डर के कारण जंगल चला गया था। पुलिस ने किशोर और उसके परिजनों को समझाइश देते हुए भविष्य में संवाद बनाए रखने की सलाह दी। परिजनों ने पुलिस का आभार जताया और ऐसी घटना दोबारा न होने का भरोसा दिलाया।