
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। नवरात्रि के मद्देनजर शनिवार को गौरीगंज स्थित मां दुर्गन भवानी मंदिर का खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। टीम ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार गौरीगंज अजय कुमार जायसवाल ने ग्रामीणों से बातचीत कर प्रसाद की दुकानों की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। स्थानीय लोगों ने बताया कि मंदिर परिसर के बाहर दुकानों की स्थापना का काम चल रहा है और 11 अक्टूबर से प्रसाद की दुकानें लगाई जाएंगी। इसके बाद खाद्य सुरक्षा टीम ने जायस निवासी रामकुमार के फल प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। यहां केले गंदे स्थान पर फर्श पर रखे मिले। इस पर टीम ने प्रतिष्ठान संचालक को सुधार सूचना जारी करते हुए स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही दो दिन बाद दोबारा निरीक्षण करने की बात कही। संयुक्त टीम में सहायक आयुक्त खाद्य सतीश कुमार शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने बताया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।