news-details

मत्स्य समुदाय के सशक्तीकरण पर फिशकोफेड अध्यक्ष से चर्चा

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ नई दिल्ली।

नई दिल्ली के सरिता विहार सेक्टर-7 स्थित राष्ट्रीय मत्स्य जीवी सहकारी संघ मर्यादित (फिशकोफेड) के कार्यालय में सहकार भारती, उत्तर प्रदेश के प्रदेश मंत्री कैलाश नाथ निषाद ने फिशकोफेड के अध्यक्ष प्रकाश लोणारे से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने श्रीराम का पटका पहनाकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। भेंट के दौरान उत्तर प्रदेश में मत्स्य पालन, मत्स्य जीवी सहकारी समितियों की समस्याओं तथा सहकारिता के माध्यम से मत्स्य समुदाय को सशक्त बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।

प्रकाश लोणारे ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए मत्स्य पालकों को आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रबंधन और बाजार व्यवस्था का प्रशिक्षण दिलाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि फिशकोफेड की ओर से जल्द ही उत्तर प्रदेश में मत्स्य पालकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कराने की योजना बनाई जा रही है। इससे मत्स्य पालकों की क्षमता बढ़ेगी और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी।

इस अवसर पर अभिनव कश्यप ने कहा कि सहकारिता के माध्यम से मत्स्य समुदाय की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मत्स्य जीवी सहकारी समितियों को संगठित कर प्रशिक्षण, संसाधन और बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए। प्रकाश लोणारे के मार्गदर्शन और अनुभवपूर्ण विचारों से उन्हें नई दिशा मिली है।

अभिनव कश्यप ने कैलाश नाथ निषाद के स्नेह, संरक्षण और मार्गदर्शन को कार्यकर्ताओं के लिए अमूल्य प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से उत्तर प्रदेश के मत्स्य जीवी समुदाय को स्वावलंबी, संगठित और समृद्ध बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर एफपीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक संतोष पाल तथा डीएनटी डेवलपमेंट फाउंडेशन उत्तर प्रदेश के प्रदेश मंत्री अरुण रैकवार भी उपस्थित रहे।