
पारदर्शी विकास न्यूज़ जसपुरा/बांदा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुरा क्षेत्र के अंतर्गत रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. पवन कुमार के निर्देशन में आयोजित मेले में क्षेत्र के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं, जांच, परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।आरोग्य मेला नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गड़रिया, सिंधनकला और चन्दवारा में आयोजित किया गया, जहां पुरुष, महिला और बच्चों सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी पहुंचे। चिकित्साधिकारियों द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार और दवाइयां दी गईं। नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गड़रिया में 34 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। यहां चिकित्साधिकारी डा. शशि सिंह चौहान, फार्मासिस्ट सोगेंद्र सिंह और लैब टेक्नीशियन विवेक त्रिपाठी मौजूद रहे। कार्यक्रम का पर्यवेक्षण बीसीपीएम ज्ञान सिंह ने किया। नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिंधनकला में 32 लाभार्थी पहुंचे। यहां चिकित्साधिकारी डा. सुमन देवी, फार्मासिस्ट प्रदीप सिंह और लैब टेक्नीशियन अभिषेक कुशवाहा ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। वहीं नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चन्दवारा में भी 32 लाभार्थियों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। यहां फार्मासिस्ट महेंद्र सिंह उत्तम और लैब टेक्नीशियन अखिलेश सिंह गौतम ने सेवाएं दीं, जबकि कार्यक्रम का पर्यवेक्षण सीएचओ विजय कुमार सिंह द्वारा किया गया। सीएचसी अधीक्षक डा. पवन कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीक बेहतर और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, जिससे आमजन को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सके।