
पारदर्शी विकास न्यूज़ बांदा। जिला कबड्डी एसोसिएशन द्वारा आयोजित 15 दिवसीय कबड्डी समर कैंप सीजन-7 का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। कैंप के अंतिम दिन खिलाड़ियों में खासा जोश देखने को मिला। खिलाड़ियों ने बताया कि कैंप में उन्हें कबड्डी के तकनीकी कौशल के साथ अनुशासन, समय प्रबंधन और खेल भावना की सीख मिली। समापन अवसर पर मिनी, सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में मैत्री कबड्डी मुकाबले आयोजित किए गए। विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में एडीएम न्यायिक माया शंकर, एसडीएम इरफान उल्लाह खान, एमिटी स्कूल के संचालक विप्रांश यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। जिला कबड्डी एसोसिएशन के सचिव कमल सिंह यादव ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और सहयोगियों का आभार जताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही।