
पारदर्शी विकास न्यूज़ बांदा। बुंदेलखंड में उच्च शिक्षा और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में योगी सरकार ने बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय को बड़ी सौगात दी है। परिसर में करोड़ों रुपये की लागत से दो आधुनिक छात्रावासों का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। छात्राओं के लिए 11.75 करोड़ रुपये की लागत से 100 बेड का महिला छात्रावास बनाया जा रहा है, जिसमें आवास, भोजन और सुरक्षा की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसे फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।वहीं छात्रों के लिए 19.73 करोड़ रुपये की लागत से 200 कमरों वाला पुरुष छात्रावास तैयार किया जा रहा है, जिसे 10 नवंबर 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।दोनों परियोजनाओं का उद्देश्य दूर-दराज से आने वाले विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर आवास सुविधा उपलब्ध कराना है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सीएनडीएस को सौंपी गई है। प्रशासन ने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।