
पारदर्शी विकास न्यूज़ बांदा। सोमवार को सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने वार्ड संख्या 8 बंगालीपुरा में जनसंपर्क कर समस्याओं स्थलीय निरीक्षण एवं ग्राम अनथुआ में 26.38 करोड़ की लागत से सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का भूमिपूजन किया। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान एवं क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में उन्होंने जनसंवाद एवं जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत आज नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए जनसमस्याओं के निराकरण तथा विकास कार्यों को गति प्रदान की। प्रातःकाल विधायक श्री द्विवेदी ने बाँदा नगर के वार्ड संख्या-8 बंगालीपुरा में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ भ्रमण कर पेयजल, विद्युत आपूर्ति, जल निकासी एवं साफ-सफाई व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के अतिशीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। जनसंपर्क अभियान के दौरान विधायक जी ने घर-घर जाकर नागरिकों से संवाद किया तथा उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं विकास के पूर्ण हुए 9 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पत्रक वितरित किए। इसके उपरांत विधायक प्रकाश द्विवेदी ने बाँदा सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अनथुआ में देवरार-अनथुआ मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का विधिवत भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। लगभग 2638.63 लाख (26.38 करोड़) की लागत से निर्मित होने वाला यह महत्वपूर्ण सड़क परियोजना क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेगी। परियोजना के अंतर्गत सड़क की लेपित सतह का चौड़ीकरण 3.75 मीटर से बढ़ाकर 5.50 मीटर किया जाएगा।