
पारदर्शी विकास न्यूज़ नरैनी/बांदा। जनप्रतिनिधि और जनता के बीच सीधे संवाद को सशक्त बनाने के उद्देश्य से नरैनी विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती ओममणी वर्मा के आवास पर प्रतिदिन लगता है जनता दरबार। कृष्ण नगर, अथाई रोड, नरैनी स्थित विधायक आवास पर प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक क्षेत्र के नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं, जहां उनकी बात को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाता है। जनता दरबार में नरैनी विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ जनपद बाँदा एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक एवं जनहित से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। विधायक श्रीमती ओममणी वर्मा प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को ध्यानपूर्वक सुनकर संबंधित अधिकारियों से तत्काल वार्ता करती हैं तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक निर्देश देती हैं।विधायक श्रीमती वर्मा का कहना है कि जनता ने उन्हें अपने विश्वास और आशाओं का प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की समस्या उनके लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता के बीच रहकर उनकी आवश्यकताओं और अपेक्षाओं को समझने में है। जनता दरबार इसी भावना का सशक्त माध्यम है, जहां बिना किसी भेदभाव के हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अवसर मिलता है।