
आयोग सदस्य फूलबदन कुशवाहा ने दिया त्वरित समाधान का आश्वासन
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य फूलबदन कुशवाहा ने मंगलवार को अपने आवास पर जनसुनवाई एवं जन चौपाल का आयोजन कर पिछड़ा वर्ग (OBC) के नागरिकों और आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।जनसुनवाई में मुख्य रूप से सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण, सरकारी योजनाओं का लाभ न मिलना, शिक्षा व रोजगार में आरक्षण के उल्लंघन तथा भूमि विवाद से जुड़े मामले सामने आए। कई पात्र लाभार्थियों ने वृद्धावस्था पेंशन, आवास योजना समेत अन्य योजनाओं का लाभ न मिलने की शिकायत की, जिस पर आयोग सदस्य ने प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण का भरोसा दिया।फूलबदन कुशवाहा ने स्पष्ट किया कि आरक्षण से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि विवाद और अवैध कब्जे के मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।उन्होंने कहा कि पिछड़े वर्गों के लिए संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही कमियों को दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित जांच कर न्यायसंगत कार्रवाई करें।जन चौपाल के माध्यम से सीधे ग्रामीणों से संवाद स्थापित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पिछड़े वर्ग के लोगों की वास्तविक समस्याओं को सुनकर उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाना है। पारदर्शी और समयबद्ध समाधान के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।