अमेठी में 271 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ
पारदर्शी विकास न्यूज़, अमेठी। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गुरुवार को राजा विश्वनाथ शरण इंटर कॉलेज, तिलोई में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित हुआ। इसमें 271 जोड़ों का विवाह उनकी धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया। इनमें 261 हिंदू जोड़ों ने सात फेरे लिए, जबकि 10 मुस्लिम जोड़ों का निकाह हुआ। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को सुखी और समृद्ध दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेटियों के विवाह में सहारा प्रदान कर रही है।जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव ने बताया कि योजना के तहत प्रति जोड़ा एक लाख रुपये की सहायता का प्रावधान है। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में, 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री तथा 15 हजार रुपये आयोजन पर खर्च किए जाते हैं।कार्यक्रम में जिलाधिकारी शशांक चौधरी, सीडीओ पूजा साहू, सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।