
Pardarshi Vikas News Banda
जिलाधिकारी जे.रीभा की अध्यक्षता में तहसील अतर्रा में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में विद्युत, राजस्व, पुलिस, विकास, आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 97 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। डीएम ने कहा कि शेष सभी प्रकरणों का गंभीरता से निस्तारण किया जाए ताकि फरियादियों को अनावश्यक भटकना न पड़े। ग्राम पंचायत बरछा ब के ग्रामीणों की साफ-सफाई संबंधी शिकायत पर बीडीओ नरैनी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्राम तेरा निवासी द्वारा अवैध कब्जा और कटिया मशीन हटाने की मांग पर एसडीएम अतर्रा को कार्रवाई करने को कहा गया। इसी तरह भूमि की नाप, परिवार रजिस्टर की नकल, तथा अवैध अतिक्रमण से जुड़े मामलों पर संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्यवाही के निर्देश दिए गए। गेंहू खरीद केंद्र संचालन संबंधी किसान यूनियन के आवेदन पर उप खाद्य विपणन अधिकारी को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने भी पुलिस से जुड़ी शिकायतों को सुनकर त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।