
Pardarshi Vikas News Banda
जिले में भीषण गर्मी का कहर लगातार जारी है। पिछले एक सप्ताह से तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार बांदा प्रदेश ही नहीं, देश के सबसे गर्म जिलों में शामिल है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने हीट वेव से बचाव के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। जिला प्रशासन ने लोगों से दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक जरूरी काम न होने पर घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। खासकर मजदूरों और धूप में काम करने वालों को इस समय छांव में रहने और कार्य से बचने की सलाह दी गई है। अपर जिलाधिकारी कुमार धर्मेंद्र ने बताया कि सभी सरकारी अस्पतालों, सीएचसी और पीएचसी को अलर्ट मोड पर रखा गया है। हीट स्ट्रोक से निपटने के लिए दवाओं, बेड और अन्य आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में पानी के टैंकर और वाटर कूलर की व्यवस्था की गई है। साथ ही जिले के 37 हजार हैंडपंपों की निगरानी भी कराई जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों से पर्याप्त पानी पीने, सिर ढककर निकलने और लू से बचाव करने की अपील की है।