
PARDARSHI VIKASH NEWS बांदा में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई और एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो-N कार तेज रफ्तार में आगे चल रहे सिलेंडर लदे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का आधा हिस्सा ट्रक के नीचे घुस गया और वाहन बुरी तरह पिचक गया। हादसे में कार चला रहे कारोबारी अजीत (38), उनकी मां प्रेमशिला (55), दादी चंद्रावती (80) और चाची निशा विश्वकर्मा (40) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 वर्षीय रिया गंभीर रूप से घायल हो गई।बताया जा रहा है कि परिवार आजमगढ़ से महोबा के कबरई लौट रहा था, तभी देहात कोतवाली क्षेत्र के हथौड़ा गांव के पास यह हादसा हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ड्राइवर को झपकी आने से गाड़ी अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई।हादसे के बाद कार ट्रक में बुरी तरह फंस गई, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से क्रेन की सहायता से शवों को बाहर निकाला गया। घायल युवती को इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है।पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और आगे की जांच जारी है।