
पारदर्शी विकास न्यूज़ बांदा
रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी कर गंभीर रूप से घायल मरीज की जान बचाने में सफलता हासिल की। बबेरू क्षेत्र निवासी 49 वर्षीय कल्लू प्रजापति पेड़ काटने के दौरान हादसे का शिकार हो गए थे। गिरने के दौरान हैंड आरा मशीन का ब्लेड उनके सीने और पेट में घुस गया, जिससे शरीर के कई अंदरूनी अंग गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। गंभीर हालत में उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां सर्जन डॉ. आरसी अरुण और उनकी टीम ने करीब तीन से चार घंटे तक ऑपरेशन कर सफल सर्जरी की। डॉक्टरों के अनुसार मरीज की पसलियां, तिल्ली, डायाफ्राम और पाचन तंत्र के कई हिस्से प्रभावित हुए थे।सर्जरी के बाद मरीज पिछले कई दिनों से आईसीयू में भर्ती है और अब उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने इसे बड़ी उपलब्धि बताया।