
पारदर्शी विकास न्यूज़ बांदा। धर्म नगरी बाँदा में मंगलवार से छह दिवसीय बाल संस्कार शिविर की शुरुआत भक्ति और उत्साह के साथ हुई। तारण तरण कमेटी बाँदा और वीर श्री महिला मंडल बाँदा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में बच्चों, महिलाओं और समाज के लोगों ने प्रभात फेरी निकालकर धार्मिक माहौल बनाया। नये चैत्यालय जी से शुरू हुई प्रभात फेरी पुराने चैत्यालय जी पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान श्रद्धालु हाथों में केसरिया झंडे और बैनर लेकर भक्ति गीतों के साथ शामिल हुए। शिविर में तारण आम्नाय के विद्वान पंडित चेतन जी शास्त्री खड़ेरी और पंडित मोहित जी शास्त्री फुटेरा बच्चों को धार्मिक एवं नैतिक संस्कारों की शिक्षा देंगे। शिविर में शामिल सभी शिविरार्थियों को पठन-पाठन किट वितरित की गई। आयोजकों के अनुसार अलग-अलग वर्गों की कक्षाएं प्रतिदिन चैत्यालय जी में संचालित होंगी। शिविर में अब तक 80 शिविरार्थियों का पंजीकरण हो चुका है। प्रतिदिन सुबह 7.30 बजे से संस्कार शिविर का संचालन होगा, जबकि शाम को जिनवाणी मां की भक्ति और विशेष कक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। शिविर के बाद प्रतिभागियों को फल और नाश्ता भी वितरित किया जाएगा। आयोजकों ने सभी शिविरार्थियों से अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।