news-details

असामाजिक तत्वों ने फाड़ी पेयजल पाइपलाइन

You can share this post!



पारदर्शी विकास न्यूज़ बांदा। शहर मुख्यालय के मुक्तिधाम रिंग रोड स्थित नए पुल से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ से गुजर रही मुख्य पेयजल पाइपलाइन को कुछ अराजक तत्वों ने जानबूझकर फाड़ दिया। इस कृत्य के कारण सैकड़ों लीटर कीमती पानी लगातार सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है। वहीं, पुल के ऊपर भयंकर जलभराव होने से राहगीरों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पुल के ऊपर लगातार पानी बहने और जमा होने के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ गई है, जिससे दोपहिया वाहनों के फिसलने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों और तकनीकी जानकारों के मुताबिक, यदि लंबे समय तक पुल पर इसी तरह पानी भरा रहा तो पानी पुल की साइड वॉल और उसकी नींव  को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है।एक ओर जहाँ इस भीषण गर्मी के मौसम में पूरा शहर पानी की किल्लत से जूझ रहा है, वहीं दूसरी ओर असामाजिक तत्वों की इस करतूत से हजारों लीटर पानी नालियों में बह रहा है। पाइपलाइन फटने की वजह से आसपास के कई मोहल्लों में पानी का प्रेशर बेहद कम हो गया है, जिससे स्थानीय निवासियों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। राहगीरों ने बताया कि सुबह से ही पाइपलाइन फटी हुई है और पानी का फव्वारा बह रहा है, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी जल निगम या नगर पालिका का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।