
PARDARSHI VIKASH NEWS अलीगढ़ के हरदुआगंज थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और बेकाबू कार ने सामने से आ रही दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। टक्कर के बाद कार दोनों बाइकों को करीब 15 मीटर तक घसीटते हुए सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।हादसे में मां-बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान पालीमुकीमपुर थाना क्षेत्र के मधुपुर गांव निवासी सरोज देवी (55), उनके बेटे अभिषेक (19) और बुलंदशहर के डिबाई क्षेत्र निवासी दशरथ (62) के रूप में हुई है।परिजनों के मुताबिक सरोज देवी अपने बेटे अभिषेक के साथ अलीगढ़ के अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार का हाल जानने आई थीं। शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे दोनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान हरदुआगंज क्षेत्र के कलाई बम्बा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक की लापरवाही के कारण हादसा हुआ। कार ने सामने से आ रही दोनों मोटरसाइकिलों को चपेट में लिया और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जेएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया। डॉक्टरों ने सरोज देवी, अभिषेक और दशरथ को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल भानु प्रताप का इलाज जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में मातम छा गया।