
पारदर्शी विकास न्यूज़ बांदा। परिक्षेत्रीय कार्यालय में सोमवार को डीआईजी राजेश एस की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित हुई। बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की गई। डीआईजी ने आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि सभी शिकायतों का निष्पक्ष और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने 60 और 90 दिनों से अधिक लंबित मामलों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।बैठक में ई-साक्ष्य आधारित विवेचना, ई-समन के उपयोग, साइबर अपराधों में त्वरित कार्रवाई और तकनीक आधारित पुलिसिंग पर जोर दिया गया। साथ ही सड़क सुरक्षा के लिए जीरो फैटलिटी अभियान, महिला अपराध, गोकशी, गोतस्करी और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।बैठक में बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर और महोबा के पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।