news-details

तरबगंज तहसील-ब्लॉक में पेयजल संकट, खराब वाटर कूलर से लोग परेशान

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Gonda

तरबगंज तहसील और ब्लॉक मुख्यालय पर इन दिनों पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। सरकारी कार्यालयों में आने वाले आम नागरिकों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ समस्या और गंभीर हो गई है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।

तहसील परिसर में लगा एकमात्र वाटर कूलर पर्याप्त पानी नहीं दे पा रहा है। परिसर में लगे कुछ नल भी अक्सर खराब पड़े रहते हैं, जिससे लोगों को बाहर से पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। अधिवक्ताओं और कर्मचारी वर्ग को भी रोजाना इस समस्या से जूझना पड़ता है।

ब्लॉक मुख्यालय की स्थिति भी बेहतर नहीं है। यहां चार इंडियामार्क-2 हैंडपंप और दो छोटे नल लगे हैं, लेकिन अधिकांश खराब हैं या उनका पानी पीने योग्य नहीं है। अधिकारियों और कर्मचारियों को रोजाना पानी के कैन मंगवाने पड़ते हैं, जो दोपहर तक खत्म हो जाते हैं। महीनों से खराब पड़े वाटर कूलरों की मरम्मत भी नहीं कराई गई है।

सबसे खराब हाल तहसील के पीछे स्थित डाकघर परिसर का है। यहां दूरदराज से आने वाले ग्रामीणों के लिए न बैठने की व्यवस्था है और न ही पीने के पानी का कोई इंतजाम। परिसर में लगा छोटा नल भी सूखा रहता है और उसमें पानी डालने पर ही चलता है।

वीडीओ रवि कुमार गुप्ता ने बताया कि खराब नलों को दुरुस्त कराने के लिए नगर पंचायत को निर्देश दिए गए हैं, जबकि वाटर कूलर की मरम्मत के लिए इंजीनियर से संपर्क किया गया है। एसडीएम प्रदीप सिंह ने कहा कि जल्द ही खराब कूलर ठीक कराए जाएंगे।