
पारदर्शी विकास न्यूज़, कानपुर। ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते चलन के विरोध और स्थानीय फुटकर दुकानदारों के समर्थन में बुधवार को समाजवादी व्यापार सभा की ओर से किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र में ग्राहक जागरूकता पदयात्रा निकाली गई। वार्ड-93 स्थित पॉपुलर धरम कांटा से शुरू हुई पदयात्रा में मुख्य अतिथि किदवई नगर विधानसभा प्रभारी सुधांशु मिश्रा अपने समर्थकों के साथ शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बाजारों में व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों से संपर्क कर स्थानीय दुकानों से खरीदारी करने की अपील की।प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य काले खान ने कहा कि ऑनलाइन खरीदारी का बढ़ता प्रचलन छोटे व्यापारियों और परंपरागत बाजारों के कारोबार को प्रभावित कर रहा है। इससे स्थानीय दुकानदारों के सामने आर्थिक चुनौतियां बढ़ रही हैं। उन्होंने ग्राहकों से अपील की कि वे ऑनलाइन खरीदारी के बजाय अपने आसपास की दुकानों को प्राथमिकता दें, जिससे छोटे व्यापारियों को कारोबार चलाने में सहयोग मिल सके।मुख्य अतिथि सुधांशु मिश्रा ने कहा कि स्थानीय दुकानदार केवल सामान बेचने का काम नहीं करते, बल्कि क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और लाखों परिवारों की आजीविका चलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बाजारों में होने वाली खरीदारी से स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापार को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि ग्राहकों के सहयोग से ही छोटे दुकानदारों का कारोबार सुरक्षित रह सकता है और बाजारों की रौनक बनी रह सकती है।पदयात्रा में मेराज अहमद, अरुण पांडेय, महेश कनौजिया, बागा करण, शारीरिक दानिश, शकीरा, बाबा शकील खान, शुभम सहित समाजवादी व्यापार सभा के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए जनजागरूकता अभियान जारी रखने की बात कही।