news-details

तपोस्थली के निर्माण में देरी पर डीएम सख्त

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जायस स्थित ऐतिहासिक गुरु गोरखनाथ तपोस्थली के पर्यटन विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने नाराजगी जताई। रविवार को औचक निरीक्षण के दौरान कम श्रमिक मिलने और निर्माण कार्य में देरी पर उन्होंने कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।डीएम ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराने को कहा। उन्होंने निर्माण सामग्री के नमूने लेकर गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश भी दिए। इसके लिए एसडीएम तिलोई अरुणिमा श्रीवास्तव को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।राज्य योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा कराए जा रहे इस प्रोजेक्ट की स्वीकृत लागत 2391.89 लाख रुपये है। निर्माण कार्य मार्च 2023 में शुरू हुआ था और इसे सितंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।परियोजना में प्रवेश द्वार, ओपन एयर थिएटर, सत्संग हॉल, शौचालय, पेयजल सुविधा, सड़क, तालाब स्थल और बैठने की व्यवस्था सहित कई विकास कार्य शामिल हैं। डीएम ने स्पष्ट किया कि निर्माण में लापरवाही और गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने स्वीकृत डीपीआर के अनुसार समयसीमा में काम पूरा करने और नियमित निगरानी के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष मनीषा, तहसीलदार अभिषेक यादव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।