
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी।
सेवा संकल्प अभियान के तहत अमेठी के बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में पेंटिंग, पोस्टर, निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग के सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पेंटिंग एवं पोस्टर प्रतियोगिताएं कराई गईं। विद्यार्थियों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण जैसे विषयों पर अपनी सोच को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा विभाग के राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय बालिका इंटर कॉलेजों में पेंटिंग के साथ निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित हुईं। विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर प्रभावी ढंग से विचार रखे। शिक्षकों ने छात्रों को सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना अपनाने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों में रचनात्मकता के साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में सहायक हैं।