
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुल्तानपुर। बल्दीराय थाना क्षेत्र के हेमनापुर गांव में पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर और लोहे के औजारों से हमला किया गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार विवाद सुबह करीब 8:30 बजे उस समय बढ़ गया जब दोनों पक्षों के बीच कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट के दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने बीच-बचाव का प्रयास किया।इसी दौरान बलीपुर चौकी प्रभारी एसआई रामविलास यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर मामला शांत कराया।दोनों पक्ष एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं और विवाद पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर था। झगड़े में गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी गई।पुलिस ने चौकी प्रभारी की तहरीर पर सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।