
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुल्तानपुर। आर्य समाज बाधमंडी स्थित आर्य समाज मंदिर में सुल्तानपुर एवं अमेठी जिले की आर्य समाज इकाइयों के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक के रूप में आर्य अधिवेशन आयोजित किया गया। अधिवेशन की अध्यक्षता आर्य प्रतिनिधि सभा उत्तर प्रदेश के उपप्रधान पंकज आर्य ने की। आयोजन का उद्देश्य जिले की सभी आर्य समाज इकाइयों को सक्रिय एवं जागरूक कर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देना रहा।पंकज आर्य ने भावी कार्ययोजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि आर्य प्रतिनिधि सभा उत्तर प्रदेश के नवनिर्वाचित प्रधान आचार्य स्वदेश के दिशा-निर्देश पर प्रदेश के सभी जिलों में आर्य अधिवेशन आयोजित किए जा रहे हैं। अधिवेशन में वक्ताओं ने सुल्तानपुर-अमेठी की आर्य समाज परंपरा और ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।यशपाल सिंह एवं ज्वलंत शास्त्री ने जिले के ऐतिहासिक आर्य समाज योगदान को याद करते हुए आचार्य स्वदेश के निर्देशों के पालन का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में आजमगढ़ से नरेंद्र, धनपतगंज गुरुकुल से विमल, डॉ. अरविंद कुमार चतुर्वेदी, अजय द्विवेदी, मुसाफिरखाना से गोविंद सहित बड़ी संख्या में प्रतिनिधि मौजूद रहे। अरुण कुमार आर्य भी अंबेडकरनगर से पहुंचे। डॉ. अरविंद कुमार चतुर्वेदी ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं गायत्री मंत्र अंकित पटका देकर सम्मानित किया। भोजन के बाद सभी प्रतिनिधि अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।