
अमेठी।
संग्रामपुर थाना क्षेत्र के सोइया गांव के पास सोमवार को दोपहर एक तेज रफ्तार स्कूल वैन की लापरवाही से बड़ा हादसा हो गया। स्कूल के बच्चों को ले जा रही सफेद मैजिक वैन UP36T0965 ने अचानक बिना इंडिकेटर दिए मोड़ काट दिया, जिससे पीछे से आ रही स्कूटी वैन में जा घुसी।
स्कूटी पर गंगौली निवासी भाई-बहन सवार थे। जोरदार टक्कर से दोनों सड़क पर गिर गए। हादसे में जानवी सिंह पुत्री हरीश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई। भाई को मामूली चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद मैजिक वैन का चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वैन सेपियन स्कूल की है और रोजाना बच्चों को लाने-ले जाने का काम करती है।
घायला को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। सूचना पर पहुंची संग्रामपुर पुलिस ने क्षतिग्रस्त स्कूटी को कब्जे में लेकर फरार वैन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है।
ग्रामीणों ने स्कूल वैनों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर रोक लगाने की मांग की है।