
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। संग्रामपुर क्षेत्र के ठेंगहा में रामघाट विकास सेवा समिति की बैठक रविवार को आयोजित हुई। इसमें मां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और शरद पूर्णिमा पर लगने वाले विशाल मेले की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। मेले में क्षेत्र की सैकड़ों दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन होता है।बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाने का निर्णय लिया गया। घाट और मेला परिसर की सफाई के लिए घास नियंत्रण की दवा का छिड़काव कराया जा चुका है। इसके अलावा विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मंच निर्माण और दुकानदारों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने पर भी विचार-विमर्श हुआ। तैयारियां समय से पूरी करने के लिए आयोजन से पहले कई और बैठकें करने पर सहमति बनी।समिति अध्यक्ष अनुपम मिश्र ने बताया कि संरक्षक रामकुमार पाल ने फोन पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया है। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।बैठक में संरक्षक आशुतोष मिश्र, कोषाध्यक्ष राधवेन्द्र प्रताप सिंह, संयोजक प्रभाकर उपाध्याय, विधिक सलाहकार कैलाश शुक्ला, हनुमान मिश्र, अमन द्विवेदी, पुलक मिश्र, रवींद्र मिश्र, सोनू मौर्य, अवधेश कुमार और शुभम गुप्ता सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। समिति ने आयोजन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और स्वच्छ तरीके से संपन्न कराने का संकल्प लिया।