
पौध लगाएं,जल बचाएं, जीवन बचाएं
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ/गोरखपुर। जल जीवन मिशन के अन्तर्गत जलापूर्ति के मामले में जनता की शिकायतों को दूर करने और संचालित परियोजनाओं के सुरक्षित उपयोग और अनुरक्षण के मामले में समुदाय के बीच जन जागरुकता बढ़ाने के लिए सरकार ने चौपालें लगाने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को गोरखपुर क्षेत्र के मुख्य अभियंता इंजीनियर वी पी सिंह ने एक ग्रामीण पाइप लाइन पेयजल योजना के परिसर में चौपाल लगाई । चौपाल के बाद एक पेड़ मां के नाम अभियान के अन्तर्गत पौधरोपण भी किया गया।चौपाल के पहले मुख्य अभियंता ने फुलवरिया ग्रामीण पेयजल योजना का स्थलीय निरीक्षण किया।इस परियोजना के अन्तर्गत 12मी स्टेंजिंग के 300किमी क्षमता के शिरोपरि जलाशय का निर्माण किया गया है।जल वितरण प्रणाली की लम्बाई 18.276किमी है।872परिवारों को जल कनेक्शन दिए गए हैं।साढ़े पांच हजार से अधिक आबादी लाभान्वित है। फूलवरिया,बखराजी, छोटकी फुलवरिया, हरिजन बस्ती,केवटलिया मजरों में हर घर तक जल कनेक्शन दिए जा चुके हैं।32.50किलोवाट की क्षमता का सोलर सिस्टम लगा हुआ है।ग्राम प्रधान जयराम साहनी ने बताया कि सभी घरों तक सुबह और शाम के समय नियमित जलापूर्ति हो रही है। चौपाल में मुख्य अभियंता इंजीनियर वी पी सिंह ने ग्रामीणों से जलापूर्ति के बारे में सवाल किए और लोगों को जल का समुचित उपयोग करने और जल की बर्बादी रोकने को सचेत किया।चौपाल में अधिशासी अभियंता अखिल आनंद, सहायक अभियंता रतनेश चौधरी ,अवर अभियंता अनुराग कुशवाहा और एन सी सी के प्रतिनिधि अरविंद कुमार मौजूद रहे।

प्रकृति हमारी सबसे अच्छी मित्र है। पर्यावरण और प्रकृति की सेवा हर व्यक्ति का सामाजिक दायित्व है। प्राकृतिक संसाधनों का अंधानुध दोहन रोकने और धरती पर हरियाली बढ़ाने की जरूरत है। वृक्ष धरती के श्रृंगार हैं ये हमें जल और जीवन दोनों देते हैं। भविष्य के जल संकट से बचने का एक मात्र उपाय पौधरोपण और वनीकरण है। सरकार ने इसीलिए एक पेड़ मां के नाम अभियान शुरू किया है।इस अभियान में सबको प्रतिभाग करना जरूरी है। पौध लगाएं,जल बचाएं,जीवन बचाएं यह संदेश हर घर तक जाना चाहिए।
इंजीनियर वी पी सिंह ,मुख्य अभियंता