
लखनऊ/गोरखपुर। जल जीवन मिशन के अन्तर्गत पाइप लाइनों के निर्माण के दौरान खराब हुई सड़कों को ठीक करने के उत्तर प्रदेश जल निगम की ओर से रोड रेस्टोरेशन के अभियान के साथ रिफार्म उत्सव भी आयोजित किए जा रहे हैं। शुक्रवार को मुख्य अभियंता इंजीनियर वी पी सिंह ने दो ग्रामीण पाइप लाइन परियोजनाओं का निरीक्षण किया। कार्यक्रम को वी पी सिंह ने ग्रामीणों को जल संचय के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन है और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल को सहेजना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि क्लोरीनयुक्त जल के उपयोग से जल जनित बीमारियों जैसे दस्त, पेचिश, टाइफाइड और पीलिया से बचाव होता है। उन्होंने ग्रामीणों से नल के जल का सदुपयोग करने और पानी की बर्बादी न करने की अपील की। ग्रामीणों ने योजना के शुरू होने पर खुशी जताई और शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि अब उन्हें पेयजल के लिए हैंडपंप या दूर-दराज के स्रोतों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता अखिल आनंद, सहायक अभियंता, जल निगम की ओर से जूनियर इंजीनियर अनुराग कुमार तथा कार्यदायी संस्था मेसर्स एन. सी. सी के प्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे।