
गोरखपुर जोन के 11 जिलों में 106 टीमें तैनात
संजीव भारती
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ/गोरखपुर। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के निर्देश पर जल जीवन मिशन के अन्तर्गत पाइप लाइनों के निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए रोड रेस्टोरेशन का विशेष अभियान गुरुवार को शुरू हुआ। अभियान दस नवंबर तक चलेगा। जल जीवन मिशन के अन्तर्गत हर घर नल परियोजना के तहत पाइप लाइनों के निर्माण के लिए लाखों की संख्या में सड़कें तोड़ी गई हैं। गांवों में इंटरलॉकिंग और खड़ंजे भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। पिछले महीने समीक्षा बैठक में जल शक्ति मंत्री ने बारिश थमने के बाद विशेष अभियान चलाकर सड़कों को ठीक करने के निर्देश दिए थे। अभियान सेवा संकल्प सप्ताह के साथ गुरुवार को शुरू हुआ है। मुख्य अभियंता इंजीनियर वीपी सिंह ने गुरुवार को गोरखपुर जिले में रोड रेस्टोरेशन के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के गोरखपुर क्षेत्र में पाइप लाइन बिछाने के दौरान प्रभावित ग्रामीण सड़कों की मरम्मत एवं पुनर्स्थापना का कार्य शुरू कर दिया गया है। गोरखपुर जोन के अंतर्गत 11 जिलों—गोरखपुर, देवरिया, महाराजगंज, कुशीनगर, बहराइच, बलरामपुर, गोंडा, श्रावस्ती, बस्ती, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर—में कुल 26 एजेंसियां नामित की गई हैं। इन जिलों में कुल 7538 नग योजनाओं में 15525 नग ग्राम शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पाइप लाइन बिछाने के लिए कुल 26161 किलोमीटर सड़क खोदी गई थी, जिसमें से 23682 किलोमीटर सड़क की मरम्मत एवं पुनर्स्थापना का कार्य पूरा किया जा चुका है। शेष 2479 किलोमीटर सड़क के मरम्मत एवं पुनर्स्थापना कार्य को 10 नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्तमान में जनपदवार टीमें लगाकर कार्य कराया जा रहा है। मुख्य अभियंता द्वारा जनपद गोरखपुर के लक्ष्मीपुर ग्राम में गुरुवार को रोड रेस्टोरेशन कार्य का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जनपद गोरखपुर के अधिशासी अभियंता श्री अखिल आनंद एवं टीपीआई के प्रतिनिधि सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
गोरखपुर जोन में जनपदवार तैनात टीमें
क्र.सं. जोन मंडल जनपद तैनात टीमें
1 गोरखपुर गोंडा बहराइच 16
2 गोरखपुर गोंडा श्रावस्ती 6
3 गोरखपुर गोंडा बलरामपुर 9
4 गोरखपुर गोंडा गोंडा 10
5 गोरखपुर बस्ती सिद्धार्थनगर 24
6 गोरखपुर बस्ती बस्ती 4
7 गोरखपुर बस्ती संत कबीर नगर 5
8 गोरखपुर गोरखपुर महाराजगंज 14
9 गोरखपुर गोरखपुर गोरखपुर 7
10 गोरखपुर गोरखपुर कुशीनगर 5
11 गोरखपुर गोरखपुर देवरिया 6
कुल गोरखपुर जोन (11 जनपद) 106