
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। मोहनगंज पुलिस ने घूंघट की आड़ में महिलाओं को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन अंतर्जनपदीय महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी भीड़भाड़ वाले इलाकों, धार्मिक कथा आयोजनों और सुनसान रास्तों पर महिलाओं को निशाना बनाती थीं। वे चाकू दिखाकर जेवर लूटकर फरार हो जाती थीं।गिरफ्तार महिलाओं की पहचान जौनपुर निवासी मोनिका (32), सुल्तानपुर निवासी सविता (36) और आजमगढ़ निवासी रीना उर्फ लालमती (42) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का एक लॉकेट, एक चाकू, तीन अन्य लॉकेट और एक कंगन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, तीनों ने 10 अक्टूबर को चौराबाग के पास एक महिला से चाकू दिखाकर लॉकेट लूटने की बात स्वीकार की है। पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। यक्ष ऐप की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देश पर हुई कार्रवाई के बाद पुलिस अब उनके आपराधिक इतिहास और अन्य वारदातों में संलिप्तता की जांच कर रही है।