news-details

गोवंश संरक्षण में शून्य प्रगति, 7 बीडीओ को नोटिस

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। गोवंश संरक्षण की प्रगति और गो आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी संजय चौहान ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। समीक्षा के दौरान संग्रामपुर, भेंटुआ, बहादुरपुर, शाहगढ़, मुसाफिरखाना, जगदीशपुर और शुकुल बाजार विकासखंडों में गोवंश संरक्षण की शून्य प्रगति मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई और संबंधित सात बीडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।डीएम ने कहा कि गोवंश संरक्षण शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विकासखंडों में नियमित बैठकें कराने तथा गो आश्रय स्थलों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।बैठक में गोशालाओं में हरा चारा, भूसा, पशु आहार, स्वच्छ पेयजल, शेड और चिकित्सीय सुविधाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि बीमार और कमजोर गोवंशों का नियमित उपचार कराया जाए और पशु चिकित्सक लगातार गो आश्रय स्थलों का निरीक्षण करें।डीएम ने खुले में घूम रहे निराश्रित गोवंशों को तत्काल नजदीकी आश्रय स्थल में संरक्षित कराने तथा पशुपालकों को गोवंश बेसहारा न छोड़ने के लिए जागरूक करने को कहा। जानबूझकर गोवंश छोड़ने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज त्यागी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. जीके शुक्ला समेत बीडीओ, पशु चिकित्सा अधिकारी और नोडल अधिकारी मौजूद रहे।