
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बरेली में आयोजित ग्राम प्रहरी सम्मान कार्यक्रम का मंगलवार को नवीन पुलिस लाइन, गौरीगंज में सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने ग्राम प्रहरियों के साथ मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रहरियों के योगदान की सराहना करते हुए उनका मासिक मानदेय 2,500 रुपये से बढ़ाकर 3,500 रुपये करने और उन्हें व उनके परिवारों को पांच लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा देने की घोषणा की। इसके साथ ही ग्राम प्रहरी के रिक्त पदों को भरने की दिशा में कदम उठाने की बात कही गई।मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में ग्राम प्रहरी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे संदिग्ध गतिविधियों और अपराधों की जानकारी समय पर पुलिस तक पहुंचाकर संभावित घटनाओं को रोकने में सहयोग करते हैं। उन्होंने ग्राम प्रहरियों से सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया।कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य शैलेन्द्र प्रताप सिंह, गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह, जिलाधिकारी शशांक चौधरी, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी., अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी अमेठी श्वेताभ भास्कर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्राम प्रहरियों को निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्व निभाने के लिए प्रेरित किया।