
1 से 31 अक्टूबर तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान, 12 से दस्तक अभियान की शुरुआत
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जनपद में गुरुवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला संयुक्त चिकित्सालय गौरीगंज परिसर में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह की मौजूदगी में जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान फॉगिंग और एंटी लार्वा मशीनों का प्रदर्शन भी किया गया।सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 से 31 अक्टूबर तक और दस्तक अभियान 12 से 31 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान में 11 विभाग समन्वय से कार्य करेंगे। आशा और एएनएम घर-घर जाकर बुखार, आईएलआई और टीबी के लक्षण वाले मरीजों की पहचान करेंगी। लोगों को मच्छरों से बचाव और आसपास स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया जाएगा।नगर निकायों में नालियों की सफाई, फॉगिंग और लार्वानाशक दवाओं का छिड़काव होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल, जलभराव रोकने और सफाई पर जोर दिया जाएगा। कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक पोषण और उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।