news-details

13.71 करोड़ से सुधरेंगी 24 सड़कें और तीन पुलिया

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जगदीशपुर और तिलोई विधानसभा क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलियों की विशेष मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड ने शासन को 27 प्रस्ताव और उनके प्राक्कलन भेजे हैं। इन कार्यों के लिए 13.71 करोड़ रुपये के बजट की मांग की गई है। इनमें 16 कार्यों की लागत 40 लाख रुपये से अधिक है।प्रस्तावों के अनुसार, संबंधित सड़कों और पुलियों की कुल लंबाई 81.17 किलोमीटर है, जिसमें 42.652 किलोमीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त है। राज्य मंत्री एवं विधायक मयंकेश्वर शरण सिंह तथा विधायक सुरेश पासी की ओर से दिए गए प्रस्तावों के आधार पर विभाग के सहायक अभियंताओं ने प्राक्कलन तैयार किए हैं। अब शासन की स्वीकृति का इंतजार है।प्रस्तावों में कोटवा मऊ संपर्क मार्ग, पूरे हैदल संपर्क मार्ग और सरायमहेशा के पास क्षतिग्रस्त पुलियों की मरम्मत भी शामिल है। इसके अलावा रास्तामऊ-कैनात पटरी, जेहटा-उसरा, सेमरौता-शिवरतनगंज-जगतपुर, पाकर गांव, मटेरवा चौराहे से रमई तथा जगदीशपुर-बाजार शुकुल से प्रतापपुर सहित कई संपर्क मार्गों की विशेष मरम्मत प्रस्तावित है। स्वीकृति मिलने के बाद इन क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होने की उम्मीद है।