news-details

यती संकल्प संस्थान ने किया 101 कन्याओं का पूजन

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बेनाझाबर कॉलोनी में सोमवार को समाजसेवी संगठन यती संकल्प संस्थान की ओर से कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 101 कन्याओं का पूजन कर उन्हें सम्मानित किया गया। संस्थान की सचिव नीतू सिंह ने बच्चियों के पैर पखारे, तिलक लगाया और चुनरी ओढ़ाकर प्रसाद वितरित किया। इस दौरान सभी कन्याओं को उपहार स्वरूप स्कूल बैग और पाठ्य सामग्री भी भेंट की गई।कार्यक्रम में नीतू सिंह ने उपस्थित लोगों को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए बेटियों के प्रति भेदभावपूर्ण सोच समाप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में बहन, बेटियों और महिलाओं को सदैव सम्मानजनक स्थान दिया गया है। जिस समाज में महिलाओं का सम्मान होता है, वहां सुख-समृद्धि और सकारात्मकता का वातावरण बनता है।उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षा और समान अवसर देना समाज की जिम्मेदारी है। उनके सम्मान और सशक्तीकरण से ही बेहतर समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम के दौरान समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 21 महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। नीतू सिंह ने महिलाओं के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज निर्माण और विकास में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। आयोजन का उद्देश्य कन्या सम्मान, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।