
Pardarshi Vikas News Mathura
यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार देर रात नोएडा से आगरा जा रही एक बस में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे करीब 50 यात्रियों में कुछ समय के लिए घबराहट फैल गई। यह घटना नोहझील थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 62 पर रात करीब 11 बजे हुई।
जानकारी मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे पेट्रोलिंग टीम सक्रिय हुई और नोहझील थाना पुलिस के साथ बाजना कट चौकी प्रभारी पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बस संख्या UP 43 AT 1680 की जांच कराई, जिसमें तकनीकी खराबी सामने आई।
स्थिति को देखते हुए तुरंत टेक्नीशियन को बुलाया गया। मौके पर बस की मरम्मत की गई और कुछ देर बाद वाहन को दोबारा चालू कर दिया गया। इस दौरान पुलिस ने यात्रियों को सुरक्षित बस के अंदर और आसपास नियंत्रित रखा, जिससे कोई अफरा-तफरी नहीं हुई।
बस ठीक होने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित आगरा के लिए रवाना कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के दौरान यातायात सामान्य रहा और कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं हुई। समय पर कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।