
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर।
चकेरी के कोयलानगर स्थित केपीएस अस्पताल में सात दिन इलाज के बाद 18 वर्षीय युवक की मौत पर परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। फतेहपुर के खागा निवासी किसान लोकपाल के बेटे मितेश राव को तेज बुखार आने के बाद पहले फतेहपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार नहीं होने पर उसे कानपुर के केपीएस अस्पताल लाया गया। परिजनों के मुताबिक अस्पताल में इलाज पर रोजाना करीब 35 हजार रुपये और दवाओं पर करीब आठ हजार रुपये खर्च हो रहे थे। सात दिन बाद युवक की मौत हो गई। मृतक के भाई रामसुमेर ने आरोप लगाया कि मौत के बाद शव ले जाने के लिए भी अस्पताल की ओर से 50 हजार रुपये मांगे गए। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। मामला सामने आने के बाद मंगलवार शाम एसीएमओ डॉ. रमित रस्तोगी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल में छापेमारी की। जांच के दौरान अस्पताल में संचालित अवैध आईसीयू को सील कर दिया गया। परिजनों के आरोपों और स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठे हैं।