
PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रवक्ता (पुरुष/महिला) भर्ती के 13 विषयों की प्रारंभिक परीक्षा-2025 का आयोजन आज किया जा रहा है। यह परीक्षा प्रदेश के 67 जिलों में बनाए गए 891 परीक्षा केंद्रों पर सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे की एक पाली में आयोजित हो रही है। इस परीक्षा के लिए कुल 3,81,605 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। केंद्रों पर प्रवेश से पहले बायोमैट्रिक और आईरिस स्कैनिंग के जरिए सघन जांच की जा रही है, जिसके बाद ही अभ्यर्थियों को अंदर जाने दिया जा रहा है।इस परीक्षा के तहत हिंदी, संस्कृत, इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, भौतिक विज्ञान, उर्दू, गणित, समाजशास्त्र, जीव विज्ञान, अंग्रेजी, नागरिक शास्त्र और रसायन विज्ञान जैसे विषयों के लिए चयन किया जाएगा। अकेले प्रयागराज में 44 परीक्षा केंद्रों पर 17,828 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं, जहां सुरक्षा व्यवस्था के लिए 44 सेक्टर और 44 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।बरेली में भी 25 केंद्रों पर लगभग 11,041 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, जहां प्रशासन ने नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।