news-details

यूपीएस नारायणपुर में लर्निंग बाय डूइंग लैब का शुभारंभ

You can share this post!

पारदर्शी विकास न्यूज़   अमेठी/भादर। विकास खंड भादर के उच्च प्राथमिक विद्यालय (यूपीएस) नारायणपुर में शनिवार को विद्यार्थियों को आधुनिक और गतिविधि आधारित शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से लर्निंग बाय डूइंग (LBD) लैब का शुभारंभ किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी शिव कुमार यादव ने फीता काटकर लैब का उद्घाटन किया और वहां उपलब्ध शिक्षण संसाधनों का अवलोकन किया।इस अवसर पर शिव कुमार यादव ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रखा जा सकता। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप स्थापित यह लैब विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक क्षमता, रचनात्मक सोच और नवाचार की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने शिक्षकों से लैब का नियमित उपयोग सुनिश्चित कर प्रत्येक छात्र-छात्रा तक इसका लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका ममता सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में LBD लैब स्थापित की गई है, जिससे बच्चे प्रयोगात्मक और अनुभवात्मक शिक्षण के माध्यम से विषयों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे। लैब प्रभारी विकास तिवारी ने विभिन्न शिक्षण उपकरणों और गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि यह पहल बच्चों में जिज्ञासा, रचनात्मकता और व्यावहारिक ज्ञान विकसित करेगी।कार्यक्रम में नोडल शिक्षक संकुल राघवेंद्र सिंह, मंजीत यादव, कृष्ण कुमार पाठक, रवि शंकर दुबे, आकाश, प्रियांशी, जियालाल सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।